श्री बहुचर माता और श्री काशी विश्वनाथ के श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ, क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी होगी मजबूत
अहमदाबाद, 30 अक्टूबर, 2026: यात्रियों की सुविधा बढ़ाने, क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने तथा धार्मिक पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में भारतीय रेलवे ने गुजरात को दो नई रेल सेवाओं की सौगात दी है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू रेल सेवा तथा साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर बेचराजी रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में माननीय सांसद श्री हरिभाई पटेल, माननीय विधायक श्री सुखाजी ठाकोर, मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।वहीं, साबरमती रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में अहमदाबाद के माननीय महापौर श्री हितेशभाई बारोट, माननीय सांसद श्री राजेश शुक्ला, माननीय विधायक श्री अमितभाई शाह, माननीय विधायक डॉ. हर्षदभाई पटेल, माननीय विधायक श्री जितेंद्र कुमार पटेल, माननीय विधायक श्री कौशिक जैन, माननीय विधायक श्री अमूल भट्ट, माननीय विधायक डॉ. हसमुखभाई पटेल, माननीय विधायक श्री दिनेश सिंह कुशवाह, माननीया विधायक डॉ. पायलबेन कुकरानी, माननीया विधायक श्रीमती कंचनबेन रादड़िया तथा अहमदाबाद शहर भाजपा अध्यक्ष श्री प्रेरक शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
ऐतिहासिक रेल मार्ग पर यात्री सेवा की पुनः शुरुआत
मंडल रेल प्रबंधक, अहमदाबाद श्री वेद प्रकाश ने कहा कि साबरमती–बेचराजी–महेसाणा मेमू रेल सेवा का शुभारंभ क्षेत्र के लिए हर्ष और गौरव का अवसर है। इस नई रेल सेवा से प्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री बहुचर माता मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ बेचराजी और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों, उद्यमियों, विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस रेल मार्ग का ऐतिहासिक महत्व है। वर्ष 1908 में बड़ौदा रियासत के समय इस क्षेत्र में रेल सेवा की शुरुआत हुई थी। बाद में आमान परिवर्तन कार्य के कारण मीटर गेज पर यात्री सेवाएं बंद हो गई थीं। गेज परिवर्तन पूरा होने के बाद इस रेल खंड पर मालगाड़ियों का परिचालन किया जा रहा था। अब इस मार्ग पर यात्री ट्रेन सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को रेल परिवहन की नई सुविधा प्राप्त हुई है।
औद्योगिक क्षेत्र के कामगारों और श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
श्री वेद प्रकाश ने कहा कि बेचराजी क्षेत्र धार्मिक आस्था के साथ-साथ औद्योगिक गतिविधियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। यहां मारुति सुजुकी के हंसलपुर स्थित संयंत्र सहित अनेक छोटे-बड़े उद्योग संचालित हैं। नई मेमू रेल सेवा से औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को आवागमन का सुविधाजनक साधन उपलब्ध होगा।
ट्रेन की समय-सारणी इस प्रकार निर्धारित की गई है कि दैनिक यात्रियों और औद्योगिक कर्मचारियों के साथ-साथ श्री बहुचर माता के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी लाभ मिल सके। साबरमती, अहमदाबाद, कलोल, कड़ी, कटोसन रोड, चाणस्मा, रणुंज, महेसाणा और बेचराजी जैसे क्षेत्रों के बीच बेहतर रेल संपर्क से यात्रियों का आवागमन सुगम होगा।
उन्होंने कहा कि नई सेवा से कामगारों को अपने कार्यस्थल तक पहुंचने और कार्य समाप्त होने के बाद घर लौटने में सुविधा मिलेगी। साथ ही, विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को भी नियमित आवागमन के लिए किफायती परिवहन विकल्प प्राप्त होगा।
किफायती मासिक सीजन टिकट से यात्रियों को राहत
नई मेमू रेल सेवा का एक प्रमुख लाभ इसका किफायती किराया है। साबरमती से बेचराजी किराया मात्र ₹25, रणुज ₹30 एवं महेसाणा ₹35 है। साबरमती से बेचराजी तक यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए मासिक सीजन टिकट मात्र ₹355 में उपलब्ध होगा, जबकि विद्यार्थियों के लिए मासिक सीजन टिकट की कीमत ₹180 निर्धारित की गई है।
इसके अतिरिक्त, 60 किलोग्राम तक सामान ले जाने वाले छोटे व्यापारियों, किसानों तथा दूध एवं सब्जी विक्रेताओं के लिए मासिक सीजन टिकट ₹535 में उपलब्ध होगा। इससे स्थानीय उत्पादकों और छोटे व्यापारियों को अपने उत्पाद बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी तथा परिवहन खर्च में बचत होगी।
साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस से तीन राज्यों के बीच रेल संपर्क मजबूत
गुजरात और उत्तर प्रदेश के बीच रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के उद्देश्य से साबरमती और वाराणसी के बीच नई दैनिक ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया गया है। यह ट्रेन गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को रेल नेटवर्क से जोड़ते हुए लंबी दूरी की यात्रा के लिए यात्रियों को सुविधाजनक विकल्प उपलब्ध कराएगी।
साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस मार्ग में महेसाणा, पालनपुर, आबू रोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महवा रोड, खेड़ली, नदबई, भरतपुर, ईदगाह आगरा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज और मिर्जापुर स्टेशनों पर ठहरेगी।
इस ट्रेन के प्रारंभ होने से मार्ग में आने वाले विभिन्न शहरों के यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। साथ ही, गुजरात और राजस्थान से उत्तर प्रदेश की यात्रा करने वाले व्यापारियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों तथा अन्य यात्रियों को भी सुविधा होगी।
श्री काशी विश्वनाथ धाम के श्रद्धालुओं को मिलेगा लाभ
वाराणसी देश के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक नगरों में से एक है। यहां स्थित श्री काशी विश्वनाथ धाम सहित अनेक प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं।
साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस के शुभारंभ से गुजरात और राजस्थान के यात्रियों को वाराणसी तक सीधा रेल संपर्क उपलब्ध हुआ है। इससे श्री काशी विश्वनाथ धाम के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा की योजना बनाने में सुविधा होगी। इसके साथ ही धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई दिशा ,दोनों नई रेल सेवाओं का शुभारंभ गुजरात में रेल संपर्क के विस्तार तथा यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। महेसाणा–बेचराजी–साबरमती मेमू सेवा से दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों और औद्योगिक कर्मचारियों को लाभ मिलेगा, जबकि साबरमती–वाराणसी एक्सप्रेस गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच लंबी दूरी की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी।
इन सेवाओं से धार्मिक पर्यटन, क्षेत्रीय व्यापार, रोजगार के अवसरों और आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ यात्रियों को सुविधाजनक एवं किफायती रेल परिवहन का विकल्प भी उपलब्ध होगा।
